छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
रात में हादसे रोकने जांजगीर-चांपा पुलिस की अनूठी पहल, ट्रकों-ट्रेलरों पर लगाई गई रेडियम पट्टियां

जांजगीर-चांपा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात के समय भारी वाहनों की बेहतर पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिले में ट्रकों और ट्रेलरों पर रेडियम (रिफ्लेक्टिव) पट्टियां लगाकर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिलेभर में लगातार सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 4 जुलाई की देर शाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के मार्गदर्शन तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग के अकलतरा, चांपा और सारागांव क्षेत्र में अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले ट्रकों और ट्रेलरों पर रेडियम पट्टियां लगाई गईं। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग से बचने तथा वाहन की तकनीकी स्थिति दुरुस्त रखने की भी समझाइश दी।
रात और खराब मौसम में बढ़ेगी सुरक्षा
पुलिस के अनुसार रेडियम (रिफ्लेक्टिव) पट्टियों का मुख्य उद्देश्य रात के समय, कोहरे, बारिश या कम रोशनी की स्थिति में भारी वाहनों को दूर से स्पष्ट दिखाई देना है। इन पट्टियों से पीछे से आने वाले वाहन चालक समय रहते ट्रक या ट्रेलर की स्थिति और आकार का सही अनुमान लगा सकेंगे, जिससे टक्कर की आशंका काफी हद तक कम होगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत चल रहा अभियान
जांजगीर-चांपा पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम नागरिकों और वाहन चालकों की भी साझा जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े और सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन पर आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें तथा स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।



