मुंगेली-बिलासपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कार-बाइक टक्कर में 3 दोस्तों की मौत

मुंगेली। मुंगेली-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां कार और बाइक की टक्कर में तीन दोस्तों की मौत हो गई। यह हादसा जिला पंचायत धरमपुरा के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, जरहागांव से भटगांव की ओर जा रहे तीन युवक बाइक पर सवार थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में भटगांव निवासी राधेश्याम निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आर्यन निर्मलकर और शुभम निर्मलकर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना 13 अप्रैल की बताई जा रही है, जिसकी पुष्टि जरहागांव थाना प्रभारी ने की है। हादसे के बाद परिजनों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि निर्माणाधीन टोल नाके के पास सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जो लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार गड्ढों से बचने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। परिजनों ने सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही उन्होंने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



