केन्द्र सरकार का यह आम बजट गांव, गरीब, किसानों व आम जनता को समर्पित बजट है – राजकुमार साहू

जांजगीर-चांपा। केंद्र सरकार का बजट गांव, गरीब, किसानों व आम जनता को समर्पित बजट है उक्त बाते सभापति राजकुमार साहू ने कहीं । उन्होंने आगे कहा यह बजट किसानों, युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्ग को सशक्त बनाने वाला तथा विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने वाला बजट है।
इस बजट में कृषि एवं किसान कल्याण के लिए बढ़े हुए प्रावधान, आधुनिक तकनीक का समावेश, डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसानों तक जानकारी पहुँचाने की पहल तथा उच्च-मूल्य फसलों को बढ़ावा देने जैसे निर्णय सरकार की किसान-हितैषी सोच को दर्शाते हैं। सभापति साहू ने कहा बहुभाषी तकनीकी समाधान से देश का किसान अब वैज्ञानिक और आधुनिक खेती की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। बजट में ग्रामीण बुनियादी ढांचे, सिंचाई, कृषि नवाचार और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में ठोस आधार तैयार होगा। सभापति साहू ने कहा यह बजट तुष्टिकरण नहीं, बल्कि सशक्तिकरण का बजट है। यह बजट देश को आत्मनिर्भर बनाने, गांवों को मजबूत करने और युवाओं को अवसर देने वाला है।
बीजेपी केंद्र सरकार के इस दूरदर्शी और विकासोन्मुखी बजट के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट देश को तेज़ी से विकसित भारत की ओर ले जाएगा।



