जांजगीर-चांपा। माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा आयोजित दसवीं बोर्ड परीक्षा में विद्या विनय विवेक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेऊ से शामिल होकर 90 फ़ीसदी से अधिक अंक अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को विद्या विनय विवेक ग्रुप के संचालक आनंद पांडेय द्वारा कंप्यूटर सेट एवं रेंजर साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में ग्रुप के संचालक पांडेय ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को बारी-बारी बुलाकर उनकी जरूरत के हिसाब से किसी को साइकिल तो किसी को कंप्यूटर सेट प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान ग्रुप के संचालक आनंद पांडेय ने कहा कि होनहार विद्यार्थियों का हमेशा सम्मान होना चाहिए, जिससे उन्हें आगे बढ़ाने में प्रोत्साहन मिलता है। वही, ऐसे कार्यक्रम से प्रेरणा लेकर कमजोर बच्चे भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावक तथा ग्रामीणजन भी मौजूद रहे।