CG Assembly Monsoon Session: आज मानसून सत्र का अंतिम दिन, अविश्वास प्रस्ताव पर होगी सीधी बहस, CAG रिपोर्ट होगी पेश

Chhattisgarh Assembly Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र का आज पांचवां और अंतिम दिन है। आज का दिन राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि सदन में विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। इसके अलावा प्रश्नकाल, शासकीय कार्य और अशासकीय कार्य भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होंगे। पूरे दिन सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।
छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस ने दूसरे दिन राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए अंतिम दिन चर्चा के लिए सूचीबद्ध किया। आज नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सदन में प्रस्ताव पर अपना पक्ष रखेंगे, जिसके बाद सत्ता पक्ष भी जवाब देगा।
राज्य गठन के बाद दसवां अविश्वास प्रस्ताव
छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र में प्रस्तुत यह राज्य गठन के बाद दसवां अविश्वास प्रस्ताव है। इससे पहले सरकारों के खिलाफ लाए गए नौ अविश्वास प्रस्ताव बहुमत के अभाव में पारित नहीं हो सके थे। ऐसे में आज की चर्चा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रश्नकाल में इन मंत्रियों से पूछे जाएंगे सवाल
छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र के प्रश्नकाल में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी स्थानीय निकायों से संबंधित CAG रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेंगे। इसके अलावा विधायक गोमती साय, धर्मजीत सिंह और भैयालाल राजवाड़े भी विभिन्न प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।
चौथे दिन इन मुद्दों पर हुआ था हंगामा
छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र के चौथे दिन फर्जी ग्रामसभा प्रस्तावों के आधार पर उद्योगों को जमीन आवंटित करने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले को सदन में उठाया, जिस पर मंत्री ओपी चौधरी ने स्वीकार किया कि रायपुर जिले के ग्राम अल्दा में ग्रामसभा प्रस्ताव में कथित जालसाजी की शिकायत मिली है।
एफआईआर दर्ज होने की जानकारी
छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र के दौरान मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसके बाद विपक्ष ने उद्योग को दिए गए आवंटन को रद्द करने और जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई की मांग की। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन भी किया।
दो महत्वपूर्ण विधेयक भी हुए पारित
छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र के दौरान चौथे दिन ईज ऑफ डूइंग बिजनेस अधिनियम-2026 और छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा संशोधन विधेयक ध्वनिमत से पारित किए गए। अब अंतिम दिन अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाली चर्चा पूरे सत्र का सबसे अहम राजनीतिक घटनाक्रम मानी जा रही है।



