छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
शादी का झांसा देकर अनाचार करने वाला आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। शादी का झांसा देकर युवती से अनाचार करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकाने पर दबिश देकर उसे पकड़ा और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की आरोपी सुरेंद्र राजभर (24), पिता रामलाल राजभर, निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश से काम करने के दौरान जान-पहचान हुई थी। आरोपी ने पीड़िता से दोस्ती बढ़ाई और बाद में शादी करने का भरोसा दिलाकर उसके साथ नजदीकियां बढ़ाईं। आरोप है कि पीड़िता के विरोध करने के बावजूद आरोपी ने उसके साथ अनाचार किया।
कुछ समय बाद पीड़िता अपने घर वापस आ गई। इसके बाद भी आरोपी जांजगीर-चांपा क्षेत्र में आया और पीड़िता को मिलने के लिए बुलाया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दोबारा शादी करने का आश्वासन दिया और पीड़िता की असहमति के बावजूद उसके साथ अनाचार किया। जब पीड़िता ने आरोपी से शादी करने की बात कही तो वह टालमटोल करने लगा और बाद में अपना मोबाइल बंद कर उत्तर प्रदेश चला गया।
पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क तथा CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की एक टीम उत्तर प्रदेश स्थित आरोपी के निवास की ओर रवाना की गई। टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, जहां वह मिल गया। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देने और उसके साथ अनाचार करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, आरक्षक प्रकाश राठौर, महिला आरक्षक संतुका एवं विनोद राठौर का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दूसरे राज्य से गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की है।



