छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वाले 14 नागरिक सम्मानित, SP विजय कुमार पाण्डेय ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला

जांजगीर-चांपा। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने तथा पुलिस के उल्लेखनीय कार्यों में सहयोग करने वाले जिले के 14 नागरिकों को जांजगीर-चांपा पुलिस ने सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS की अनुकरणीय पहल के तहत शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सभी सम्मानित नागरिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके मानवीय एवं सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना अथवा किसी भी संकट की स्थिति में घायल व्यक्ति की मदद के लिए तत्काल आगे आना बेहद महत्वपूर्ण है। समय पर मिली सहायता कई बार किसी व्यक्ति की जान बचाने में निर्णायक साबित होती है। नागरिकों द्वारा बिना किसी स्वार्थ के घायलों की मदद करना और उन्हें अस्पताल पहुंचाना समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि पुलिस और आम नागरिकों के बीच सहयोग एवं विश्वास से ही सुरक्षित और संवेदनशील समाज का निर्माण संभव है। नागरिकों की ऐसी सकारात्मक पहल से न केवल जरूरतमंदों को तत्काल मदद मिलती है, बल्कि पुलिस के जनसहयोग अभियान को भी मजबूती मिलती है।
सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, DSP अजाक सतरूपा तारम, CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी जांजगीर जयप्रकाश गुप्ता सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इन 14 नागरिकों को मिला सम्मान
पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने तथा पुलिस के कार्यों में उल्लेखनीय सहयोग के लिए पवन कुमार यादव निवासी बुचीहरदी, संजय सोनी निवासी बलौद/डोंगरी, रामगोपाल रात्रे निवासी डोंगरी, डब्बू अग्रवाल निवासी डोंगरी, भीम सिंह निवासी कोरबी, साहिल राज लहरे निवासी तालदेवरी, कमलेश्वर खूंटे निवासी तालदेवरी, दीपेंद्र साहू निवासी तालदेवरी, यशपाल चौबे निवासी बनाहील, शनि सूर्यवंशी निवासी पकरिया, महावीर बिछिया निवासी भीमा तालाब जांजगीर, खगेंद्र देवांगन आरती प्रिंटर्स जांजगीर, पारस साहू निवासी अकलतरा तथा गौतम बुद्ध यादव निवासी लछनपुर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
नागरिकों की संवेदनशील पहल को पुलिस ने दिया प्रोत्साहन
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने में आम नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को मौके पर छोड़ने के बजाय उसकी मदद करना और बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाना प्रत्येक नागरिक की मानवीय जिम्मेदारी है।
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस पहल का उद्देश्य ऐसे नागरिकों को प्रोत्साहित करना है, जो विपरीत परिस्थितियों में आगे बढ़कर जरूरतमंदों की मदद करते हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की कि दुर्घटना या किसी आपात स्थिति में घायलों की मदद करने से पीछे न हटें और तत्काल पुलिस एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सूचना देकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं।



