आबकारी विभाग की टीम ने देवरी और कमरीद के सबरिया डेरा में कार्रवाई करते हुए कुल 130 लीटर महुआ शराब, 1100 किलोग्राम महुआ लाहन तथा एक चढ़ी हुई शराब बनाने की भट्ठी बरामद की। दोनों मामलों में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
देवरी में नदी किनारे मिली अवैध शराब की भट्ठी
पहली कार्रवाई 3 नवंबर को देवरी स्थित सबरिया डेरा में नदी किनारे की गई। यहां दबिश के दौरान अवैध रूप से शराब बनाने के लिए चढ़ाई गई एक भट्ठी बरामद हुई। मौके से 90 लीटर महुआ शराब के साथ 600 किलोग्राम महुआ लाहन भी जब्त किया गया। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(च) एवं 34(2) के तहत प्रकरण कायम किया गया है।
कमरीद में नाला किनारे मिली 40 लीटर महुआ शराब
इसी दिन आबकारी विभाग की टीम ने कमरीद स्थित सबरिया डेरा में नाला किनारे भी कार्रवाई की। यहां से 40 लीटर महुआ शराब और 500 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। इस मामले में भी अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(च) एवं 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अवैध शराब के कारोबार पर विभाग की नजर
दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण एवं भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक विकास पाल सांडे, यीवरेश कुमार, दीपक ठाकुर, मनीष साहू, विजयेंद्र टंडन, गुलशन साहू एवं देवेंद्र तान्डे सहित मुख्य आरक्षक राजेश पांडेय, मुकेश शर्मा, देवदत्त जायसवाल तथा आरक्षक गीता कमल, अंशु पाटनवार और नगर सेना के जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।