Reg No. CG-06-0026209
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

BDG ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का मास्टरमाइंड महाराष्ट्र से गिरफ्तार, जांजगीर साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पुणे से आरोपी किरण महादु साल्वे को पकड़कर जांजगीर लाई साइबर पुलिस, टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए फैलाया जा रहा था सट्टे का जाल; बैंक खाते की रकम कराई गई फ्रीज

जांजगीर-चांपा। जिले में ऑनलाइन सट्टा के अवैध कारोबार के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए BDG (बिग डैडी गेम) ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के अंतरराज्यीय मास्टरमाइंड आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। साइबर थाना जांजगीर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, टेलीग्राम चैनल की चैटिंग, व्हाट्सएप मैसेज और वित्तीय लेनदेन की जांच के आधार पर आरोपी किरण महादु साल्वे को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी को महाराष्ट्र से जांजगीर लेकर आई और न्यायालय के समक्ष पेश किया। इस मामले में पुलिस पूर्व में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं आरोपी के बैंक खाते में मौजूद रकम को भी फ्रीज कराया गया है।
पुलिस के अनुसार ऑनलाइन सट्टे का यह कारोबार पारंपरिक जुए से अलग हाईटेक तरीके से संचालित किया जा रहा था। इसमें मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप ग्रुप, टेलीग्राम चैनल और USDT (क्रिप्टो डिजिटल करेंसी) के माध्यम से पैसों का लेनदेन किया जाता था। जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग लोगों को ऑनलाइन गेम की आईडी और लिंक उपलब्ध कराकर नेटवर्क का विस्तार कर रहे थे तथा प्रत्येक दांव पर कमीशन प्राप्त कर रहे थे।
 
हेमलाल यादव से पूछताछ में खुला ऑनलाइन सट्टे का राज
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक साइबर थाना जांजगीर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड जांजगीर निवासी हेमलाल यादव अपने मोबाइल फोन के माध्यम से अवैध रूप से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए साइबर थाना पुलिस की टीम ने गवाहों की उपस्थिति में तत्काल रेड कार्रवाई की।
पूछताछ के दौरान हेमलाल यादव ने BDG (बिग डैडी गेम) नामक ऑनलाइन सट्टा गेम खेलने और इससे जुड़े बड़े नेटवर्क की जानकारी दी। उसने पुलिस को बताया कि उसे इस गेम की आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर शैलेंद्र कुमार शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
नेटवर्क मार्केटिंग की तर्ज पर चलता था सट्टे का कारोबार
पुलिस की पूछताछ में शैलेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि वह BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप की मास्टर आईडी और लिंक व्हाट्सएप के माध्यम से अन्य सहयोगियों तक पहुंचाता था। यह नेटवर्क कथित तौर पर नेटवर्क मार्केटिंग की तर्ज पर संचालित किया जा रहा था। इसमें एक व्यक्ति अपने नीचे दूसरे लोगों को लिंक के माध्यम से जोड़ता था और उनके द्वारा लगाए जाने वाले प्रत्येक दांव पर ऊपर बैठे एडमिन को कमीशन मिलता था।
शैलेंद्र शर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था। जांच में यह भी सामने आया कि इस नेटवर्क के माध्यम से लाखों रुपये का ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा चुका था। नेटवर्क से जुड़े कई लोग ऑनलाइन सट्टे की लत में पड़कर लाखों रुपये गंवा चुके थे।
 
टेलीग्राम चैनल से किरण साल्वे फैलाता था सट्टे का नेटवर्क
आगे की पूछताछ में इस पूरे नेटवर्क के तार महाराष्ट्र के पुणे निवासी किरण महादु साल्वे से जुड़े मिले। शैलेंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि किरण साल्वे ने टेलीग्राम पर ‘ईगल BDG गेम’ नाम से चैनल बनाया था। इसी चैनल के माध्यम से उसने शैलेंद्र शर्मा को जांजगीर जिले का प्रमुख एडमिन बनाया था।
पुलिस के अनुसार किरण साल्वे के माध्यम से BDG गेम में रकम जमा कराने और पैसों के लेनदेन की व्यवस्था की जाती थी। जांजगीर जिले में जितने भी लोग इस ऐप में पैसे लगाते थे, उनके लेनदेन के आधार पर पहले शैलेंद्र शर्मा को कमीशन मिलता था और नेटवर्क में सबसे ऊपर मौजूद किरण साल्वे को भी जिले से होने वाले कुल कारोबार के अनुसार कमीशन प्राप्त होता था।
इस प्रकार टेलीग्राम चैनल के माध्यम से किरण साल्वे ने शैलेंद्र शर्मा के जरिए जांजगीर जिले में ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क फैलाया था।
 
चैटिंग और पैसों के लेनदेन से मिला अहम सुराग
साइबर पुलिस ने मामले की जांच के दौरान टेलीग्राम चैनल की चैटिंग, व्हाट्सएप बातचीत और पैसों के लेनदेन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इन साक्ष्यों के आधार पर किरण महादु साल्वे की भूमिका सामने आई। इसके बाद साइबर थाना जांजगीर की टीम ने महाराष्ट्र के पुणे में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान किरण महादु साल्वे पिता अलमता साल्वे, निवासी दत्ता नगर, थाना दौंड, जिला पुणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को जांजगीर लेकर आई और न्यायालय में प्रस्तुत किया। साथ ही आरोपी के बैंक खाते में मौजूद रकम को फ्रीज कराने की कार्रवाई भी की गई है।
 
कड़ी कानूनी कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टे से दूर रहने की अपील
पुलिस ने इस मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
जिला जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के ऑनलाइन सट्टा, जुआ अथवा ऐप आधारित वित्तीय धोखाधड़ी के प्रलोभन में न आएं। ऑनलाइन गेम के नाम पर मिलने वाली आईडी और लिंक के जरिए अवैध सट्टे के कारोबार में शामिल होने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

See also  महिला एवं बाल विकास विभाग एवं पुलिस विभाग की टीम द्वारा एक नवजात शिशु को किया गया सुरक्षित संरक्षण प्रदान

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!