Reg No. CG-06-0026209
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

जिले का पहला बालिका शौचालय ग्राम पंचायत बगडबरी में बनकर तैयार, बेटियों को मिली स्वच्छता और सम्मान की सौगात

विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत प्राथमिक शाला बगडबरी में हुआ निर्माण, 4.30 लाख रुपये की लागत से 196 मानव दिवस का मिला रोजगार

जांजगीर-चांपा। जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत बलौदा की ग्राम पंचायत बगडबरी स्थित प्राथमिक शाला में जिले का पहला बालिका शौचालय निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है। विकसित भारत रोजगार गारंटी एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (विकसित भारत जी राम जी) योजना के तहत निर्मित इस शौचालय से विद्यालय की बालिकाओं को बड़ी सुविधा मिली है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रारंभ किए गए ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की भावना के अनुरूप विद्यालयों में बालिकाओं की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण के कार्यों को स्वीकृति प्रदान की जा रही है। जिले में 122 बालिका शौचालय निर्माण की पहल के तहत विद्यालयों की आवश्यकता के अनुसार कार्य कराए जा रहे हैं।
ग्राम पंचायत बगडबरी की प्राथमिक शाला में बालिका शौचालय निर्माण के लिए 4 लाख 30 हजार 829 रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी।  कार्य में कुल 196 मानव दिवस का रोजगार सृजित हुआ।  तकनीकी सहायक द्वारा ले-आउट तैयार किया गया तथा रोजगार सहायक द्वारा मस्टररोल जारी कर श्रमिकों को कार्य उपलब्ध कराया गया। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया गया।
बालिका शौचालय का निर्माण केवल एक अधोसंरचना का कार्य नहीं, बल्कि बालिकाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल है। विद्यालय में पृथक शौचालय उपलब्ध होने से छात्राओं को अब दैनिक आवश्यकताओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलने से बालिकाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
ग्राम पंचायत की सरपंच जग बाई भास्कर ने बताया कि प्राथमिक शाला में बालिका शौचालय की सुविधा नहीं होने से छात्राओं को काफी परेशानी होती थी। अब शौचालय निर्माण पूर्ण होने से विद्यालय की बालिकाओं को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने इस सुविधा के लिए योजना एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
 
ग्रामीण विकास के साथ रोजगार सृजन का भी माध्यम बनी योजना
विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने का भी माध्यम बन रहे हैं। बगडबरी में बालिका शौचालय निर्माण इसका उदाहरण है, जहां विद्यालय की वर्षों पुरानी आवश्यकता पूरी होने के साथ स्थानीय श्रमिक परिवारों को रोजगार भी मिला।
जिला प्रशासन द्वारा विद्यालयों में बालिकाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर शौचालय निर्माण के कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, उपयोगिता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बगडबरी का यह बालिका शौचालय जिले के अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण है। यह पहल बताती है कि ग्रामीण विकास की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि लोगों की जरूरतों को पूरा करना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

See also  पूर्व IAS अधिकारी ने महाकुंभ में स्नान करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुरू की निशुल्क बस सेवा...

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!