Reg No. CG-06-0026209
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं, तय समय-सीमा में पूर्ण करें सभी प्रोजेक्ट : प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी

जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने दिए सख्त निर्देश, मेडिकल कॉलेज और नालंदा परिसर सहित बड़े प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने पर जोर

जांजगीर-चांपा। जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने गुरुवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा विभागीय गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि जिलेवासियों को योजनाओं और विकास परियोजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।
बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
 
आम नागरिकों के कार्यों का हो त्वरित निराकरण
प्रभारी मंत्री चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने भ्रष्टाचार और लापरवाही के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या कार्य में लापरवाही की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। यदि ऐसी शिकायत प्राप्त होती है तो जांच कर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
 
मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर के कार्यों में तेजी के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने जिले की बड़ी निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता मापदंडों का पूरी तरह पालन किया जाए। प्रत्येक निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा संबंधित विभागीय अधिकारी मौके पर जाकर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का निरीक्षण करें। उन्होंने जिले की प्राथमिकता वाले आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।
 
बिजली व्यवस्था को लेकर जताई नाराजगी
बैठक में बारिश के दौरान बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के कारण उत्पन्न होने वाली विद्युत संबंधी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए और जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम नागरिकों, किसानों और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का शीघ्र समाधान करे।
 
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता से मरम्मत
प्रभारी मंत्री ने जिले में बारिश के कारण सड़कों पर हुए गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त सड़कों एवं गड्ढों की नियमित निगरानी कर आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता से कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि सड़क खराब होने के कारण आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। बारिश के बाद जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त हुई है, वहां तत्काल मरम्मत कर यातायात को सुचारु बनाए रखा जाए।
 
राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर जोर
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकांश कार्य सीधे आम नागरिकों और ग्रामीणों से जुड़े होते हैं। इसलिए नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहने तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने की बात भी कही।
 
पीएम सूर्यघर योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा
प्रभारी मंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों के घरों में गुणवत्तायुक्त सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को योजना से जोड़ने कहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने हितग्राहियों को समय पर किस्त जारी करने और आवास निर्माण में अनावश्यक देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई हितग्राही अपनी इच्छा एवं संसाधनों से निर्धारित आकार से बड़ा मकान बनाना चाहता है तो उसे इसके लिए प्रोत्साहित किया जाए।
 
महतारी वंदन योजना के शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी जल्द पूरी करने के निर्देश
महतारी वंदन योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विभागीय अमला सक्रियता के साथ कार्य करे और ई-केवाईसी की प्रक्रिया में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।
उन्होंने वीबी-जी राम जी के तहत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों तथा पुराने आंगनबाड़ी केंद्रों में किए जा रहे मरम्मत कार्यों को भी गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
 
किसानों को उद्यानिकी फसलों के लिए प्रोत्साहित करने कहा
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में फल एवं सब्जी उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलों के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करने तथा उन्हें आवश्यक तकनीकी जानकारी एवं योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा में उन्होंने जिले में खाद एवं बीज की उपलब्धता और भंडारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों के बीच नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
 
अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर सख्त कार्रवाई
प्रभारी मंत्री ने जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के मामलों पर भी अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस और कानून व्यवस्था की भी समीक्षा
बैठक में ई-ऑफिस एवं ई-अटेंडेंस व्यवस्था की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने इन व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका लाभ जमीनी स्तर पर आम नागरिकों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के विकास को गति देने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया।

See also  छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त मुख्य सचिव विकासशील ने कार्यभार संभाला

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!