छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिवनी में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, CSP योगिताबाली खापर्डे ने विद्यार्थियों को सुरक्षा, साइबर जागरूकता और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश

जांजगीर-चांपा, 7 अगस्त 2026। जिले के नैला चौकी अंतर्गत ग्राम सिवनी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जांजगीर की CSP योगिताबाली खापर्डे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विद्यालय के नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए सभी विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था।
“आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक”
अपने प्रेरणादायी संबोधन में CSP योगिताबाली खापर्डे ने कहा कि वर्तमान समय के विद्यार्थी ही भविष्य में समाज और राष्ट्र की दिशा तय करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी उतना ही आवश्यक है। विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने, कठिन परिश्रम करने तथा देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की प्रेरणा दी।
रक्षा टीम ने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और नशामुक्ति पर किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग की रक्षा टीम ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक, फर्जी कॉल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।
इसके अलावा बच्चों को नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व को समझने तथा क्षेत्र में आने वाले संदिग्ध अथवा बाहरी व्यक्तियों की सूचना पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने का आह्वान
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है, इसलिए युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाना चाहिए।
नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश
विद्यालय में आयोजित इस समारोह का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत करना तथा महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति उन्हें जागरूक बनाना था।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य किरण लता पाण्डेय, शिक्षकगण, पुलिस विभाग की रक्षा टीम, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।



