छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
शिव-पार्वती विवाह कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब, बड़ी संख्या में शामिल हुए पेंशनर्स, 10 अगस्त को ऑल इंडिया सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी का होगा जांजगीर आगमन

जांजगीर-चांपा। बद्री गार्डन, जांजगीर में आयोजित आठ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के पांचवें दिन भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। शिव-पार्वती विवाह की आकर्षक झांकी, संगीतमय कथा और भजनों के बीच श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से कथा का रसपान किया। कथा स्थल पर दीनदयाल कॉलोनी, खोखरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा पंडाल हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य पेंशनर संघ, छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष एवं अखिल भारतीय राज्य पेंशनर फेडरेशन के राष्ट्रीय सचिव श्री आर.के. थवाईत के संयोजकत्व में 3 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक सर्व पेंशनर्स, वरिष्ठ नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं जनकल्याण की भावना के साथ किया जा रहा है।
कथावाचक आचार्य पंडित अनुराग कृष्ण दुबे ने अपनी मधुर वाणी में भगवान शिव एवं माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने शिव-पार्वती विवाह के आध्यात्मिक महत्व, त्याग, समर्पण और आदर्श दांपत्य जीवन का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार और मानव कल्याण की प्रेरणा दी। कथा के दौरान प्रस्तुत संगीतमय भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ, जांजगीर-चांपा के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें आर.एस. क्षत्रिय, डी.एल. कटकवार, पूर्व जिला जज दिनेश सिंह राणा, इंजी. सोहन डहरिया, सुरेंद्र सिंह राठौर, इंजी. आर.पी. सराफ, इंजी. बी.पी. निर्मलकर, इंजी. देवी प्रसाद राठौर, डी.एन. देवांगन, के.सी. राठौर, कोमल पाण्डेय, डी.के. शर्मा, रामफल कश्यप, कार्तिकेश्वर कश्यप, रामावतार तिवारी, अशोक राठौर एवं संतोष राठौर सहित अनेक श्रद्धालुओं ने कथा एवं शिव भजनों का आनंद लिया। कथा के समापन पर व्यासपीठ की ओर से सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं आशीर्वाद स्वरूप शिव पट्टा प्रदान किया गया।
आयोजकों ने बताया कि श्री शिव महापुराण कथा का समापन 10 अगस्त को होगा। इसी दिन प्रातः 10 बजे ऑल इंडिया सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र चौधरी का जांजगीर आगमन प्रस्तावित है। उनके स्वागत के लिए कचहरी चौक, जांजगीर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ, जिला शाखा जांजगीर के जिलाध्यक्ष संतोष राठौर ने संगठन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं पेंशनर्स से अपील की है कि वे 10 अगस्त को प्रातः 10 बजे कचहरी चौक पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में स्वागत कार्यक्रम में शामिल हों तथा आयोजन को सफल बनाएं।



