अकलतरा में घर में आग लगाने के मामले का खुलासा, महिला गिरफ्तार, रंजिश में पड़ोसी के मकान में लगाई आग, 5 हजार रुपये की संपत्ति जलकर हुई राख; आरोपी न्यायिक रिमांड पर

जांजगीर-चांपा, 21 जुलाई 2026। जांजगीर-चांपा जिले की अकलतरा पुलिस ने घर में आगजनी कर नुकसान पहुंचाने के मामले का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 326(जी) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, अकलतरा थाना क्षेत्र के अंधियारीपाठ निवासी रूपेश कुमार सारथी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई 2026 की रात करीब 11:45 बजे वह अपने भतीजे ईशान के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान मकान की छत पर अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर उसकी नींद खुली। बाहर निकलने पर उसने पड़ोस में रहने वाली अनिता यादव को हाथ में जलती हुई लकड़ी लिए देखा, जो उसे देखकर अपने घर की ओर चली गई।
रूपेश ने अपने भतीजे की मदद से तत्काल पानी डालकर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना के बाद उसने अपने मित्र आकाश को बुलाकर आरोपी महिला से आग लगाने के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान महिला ने कथित रूप से धमकी देते हुए कहा कि “तुम लोग मेरा क्या कर लोगे।”
आगजनी की घटना में घर में रखी कुर्सी, कपड़े, तिरपाल एवं लकड़ी सहित लगभग 5 हजार रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। शिकायत के आधार पर थाना अकलतरा में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौका नक्शा एवं नुकसानी पंचनामा तैयार किया तथा गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी महिला के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी अनिता यादव (47 वर्ष), पति सतीश यादव, निवासी अंधियारीपाठ, वार्ड क्रमांक-19, अकलतरा ने आग लगाने की घटना स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अंगीठी को गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया।



