छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
24 घंटे में सुलझी 6 लाख की ब्रेजा चोरी: CCTV और साइबर ट्रैकिंग के दम पर आरोपी गिरफ्तार,
दुकान में सो रहे मालिक के सिरहाने से चाबी उठाकर ले उड़ा था कार, पुलिस की सक्रियता से वाहन बरामद

जांजगीर-चांपा। थाना चांपा क्षेत्र में चखना दुकान के बाहर खड़ी करीब 6 लाख रुपये की ब्रेजा कार चोरी होने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई कार बरामद कर ली। इस कार्रवाई में चांपा थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मिर्जा अफजल बेग निवासी चांपा ने 23 जून 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह कुरदा शराब भट्टी के पास स्थित एक चखना दुकान की देखरेख करता है। घटना वाली रात उसने अपनी ब्रेजा कार क्रमांक CG 11 BS 5141 को दुकान के बाहर पेड़ के नीचे खड़ी किया था। दिनभर की थकान के बाद वह दुकान के अंदर सो गया। उसके सिरहाने कार की चाबी और मोबाइल रखा हुआ था।
सुबह जब उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि कार की चाबी गायब है। बाहर जाकर देखने पर कार भी वहां नहीं थी। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा वाहन चोरी किए जाने की आशंका पर उसने तत्काल थाना चांपा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
रिपोर्ट के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 327/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक देर रात दुकान के आसपास घूमते और कार के पास आते-जाते दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण किया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की।
लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कन्हैया कश्यप (26 वर्ष), पिता जीवनलाल कश्यप, निवासी चंडीपारा, पामगढ़ के रूप में हुई। पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला। इसके बाद साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई।
तकनीकी निगरानी और साइबर ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने आरोपी को हथनेवरा फोरलेन के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने रात में दुकान के भीतर सो रहे वाहन मालिक के सिरहाने से चाबी उठाई और उसी चाबी से ब्रेजा कार चोरी कर फरार हो गया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई ब्रेजा कार बरामद कर ली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है। वाहन को जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी को 24 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, सहायक उपनिरीक्षक बलवंत धृतलहरे तथा आरक्षक प्रदीप दुबे, सहबाज अहमद, माखन साहू और पद्मराज सिंह का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का खुलासा होने पर क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।



