छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
भारतीय जनता पार्टी शिक्षा प्रकोष्ठ द्वारा मेधावी विद्यार्थियों का प्रतिभा सम्मान

जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में शिक्षा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त की गईं।

कार्यक्रम में शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कांतिलाल जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयकुमार मिश्रा, डॉ अनिल तिवारी तथा जिला संयोजक प्रशांत दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतिभा सम्मान समारोह में हायर सेकेंडरी परीक्षा में प्रदेश स्तर पर दशम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा खुशबू देवांगन का सम्मान किया गया। वहीं हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश स्तर पर सप्तम स्थान प्राप्त करने वाले नैतिक गौतम तथा नवम स्थान प्राप्त करने वाले लोकेश राठौर को भी स्मृति चिन्ह एवं प्रदान कर अभिनंदित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश संयोजक कांतिलाल जैन ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि संपूर्ण जिले एवं प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर गुणवत्ता, अनुशासन एवं नवाचार को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए शिक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु सतत सुझाव एवं रचनात्मक प्रयास करते रहने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने विद्यार्थियों की सफलता को परिश्रम, संस्कार एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी समाज एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के आधार स्तंभ हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं शिक्षाविदों ने मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का वातावरण विद्यार्थियों के सम्मान एवं उत्साहवर्धन से भावविभोर रहा।



