आरंग थाना बना छावनी: युवक से मारपीट के आरोप पर सतनामी समाज का प्रदर्शन, भारी पुलिस बल तैनात

रायपुर : रायपुर जिले के आरंग में शनिवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब सतनामी समाज के सैकड़ों लोग आरंग थाना पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। समाज के लोगों ने कथित गौ सेवक गोल्डी शर्मा और उसके साथियों पर एक युवक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले ग्राम गुदगुदा में भैंसों से भरे वाहन को रोकने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि इसी मामले को लेकर गोल्डी शर्मा ने गुदगुदा निवासी बलराम कुर्रे के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि मारपीट की घटना पुलिस थाने के सामने हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग थाने पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को देखते हुए आरंग थाना परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत कर माहौल शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार झा ने कहा कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



