PM मोदी ने फिर दोहराई अपील, बोले- पेट्रोल-डीजल और विदेशी वस्तुओं का संयम से करें इस्तेमाल

Narendra Modi ने लगातार दूसरे दिन देशवासियों से विदेशी मुद्रा बचाने और संसाधनों का संयमित उपयोग करने की अपील की। वडोदरा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों को उन चीजों का उपयोग कम करना चाहिए जो विदेशों से आयात होती हैं और ऐसे खर्चों से बचना चाहिए जिनसे विदेशी मुद्रा पर दबाव बढ़ता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के नागरिकों को अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने याद दिलाया कि जब-जब देश किसी बड़े संकट या युद्ध जैसी स्थिति से गुजरा है, तब लोगों ने सरकार की अपील पर जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भी देशहित में सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
इससे पहले रविवार को हैदराबाद में आयोजित सभा में PM मोदी ने लोगों से एक साल तक सोना खरीदने से बचने, पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने और वर्क फ्रॉम होम जैसे विकल्प अपनाने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष और वैश्विक संकट का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पेट्रोल, डीजल और अन्य आयातित संसाधनों का जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करना समय की मांग है। उनका मानना है कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी देश की विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिल सकती है।
वडोदरा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने सरदारधाम प्रोजेक्ट से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इस परियोजना के तहत लगभग 150 करोड़ रुपए की लागत से बने छात्रावास का उद्घाटन किया गया, जहां 2 हजार विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और आवास की व्यवस्था की गई है।



