Bageshwar Maharaj : टीम इंडिया की जीत पर बागेश्वर महाराज की प्रतिक्रिया, बोले— जुनून और रणनीति के आगे कोई पनौती नहीं

भारत के तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर देशभर में जश्न का माहौल है। इस ऐतिहासिक जीत पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने टीम इंडिया को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि यह जीत केवल खिलाड़ियों की मेहनत ही नहीं, बल्कि सही रणनीति, अनुशासन और टीम के जुनून का परिणाम है। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने ‘पनौती’ जैसे शब्दों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि किसी भी दिन, मैदान या खिलाड़ी को अशुभ कहना सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि जब सही योजना, कड़ा परिश्रम, अटूट जोश और भगवान की कृपा साथ हो, तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। टीम इंडिया ने अपने खेल से यह साबित कर दिया है।
बागेश्वर महाराज ने इस जीत को पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि भारत की यह उपलब्धि हर क्रिकेट प्रेमी के लिए खुशी और सम्मान की बात है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और देशवासियों को इस शानदार जीत की बधाई दी।



