ग्रोक पर X ने मानी अपनी गलती! किए 600 से ज्यादा अकाउंट डिलीट, भारत के कानून के हिसाब से उठाएगा कदम

नई दिल्ली: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने Grok AI से जुड़े अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट विवाद में अपनी गलती स्वीकार कर ली है। कंपनी ने भारत सरकार को भरोसा दिया है कि वह भारतीय कानूनों के अनुसार कदम उठाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अपने मॉडरेशन सिस्टम को और मजबूत करेगी।
3,500 पोस्ट और 600 अकाउंट हटाए गए
सरकारी सूत्रों के अनुसार, X ने विवाद के बाद करीब 3,500 आपत्तिजनक पोस्ट ब्लॉक की हैं और 600 से ज्यादा अकाउंट्स डिलीट किए हैं। ये सभी ऐसे यूजर्स थे, जो अश्लील या गैरकानूनी कंटेंट फैला रहे थे। कंपनी ने दावा किया है कि अब ऐसे कंटेंट को ज्यादा तेज़ी से पहचानकर हटाया जाएगा।
Grok विवाद: क्या हुआ था
भारत सरकार ने Grok AI के माध्यम से महिलाओं की तस्वीरों और वीडियो का दुरुपयोग होने पर गंभीर चिंता जताई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि AI टूल का इस्तेमाल फेक प्रोफाइल बनाने, महिलाओं को निशाना बनाने और आपत्तिजनक कंटेंट फैलाने के लिए किया जा रहा था। इसके बाद 2 जनवरी को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने X को आदेश दिया था कि वह Grok से जुड़े सभी अश्लील और गैरकानूनी कंटेंट को तुरंत हटाए।
भविष्य में कंटेंट मॉडरेशन में बदलाव
X ने सरकार को भरोसा दिया कि अब कंटेंट मॉडरेशन प्रणाली भारतीय नियमों के अनुरूप और सख्त होगी। इसके तहत आपत्तिजनक पोस्ट और अकाउंट्स पर त्वरित कार्रवाई, अनिवार्य रिपोर्टिंग और बेहतर निगरानी की जाएगी। कंपनी का यह कदम ऑनलाइन अश्लीलता और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती चिंता के बीच उठाया गया है।



