श्री रामलला योजना के तहत यात्रा में धांधली की शिकायत, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग…
जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर मंडल जांजगीर-नैला के अध्यक्ष ने श्री रामलला (अयोध्या धाम) दर्शन योजना के तहत यात्रा में धांधली की शिकायत जिला पंचायत जांजगीर-चांपा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा नगर मंडल जांजगीर-नैला के अध्यक्ष दिनेश राठौर ने अपनी शिकायत में कहा है कि जिला पंचायत कार्यालय जांजगीर-चांपा में पदस्थ सहायक ग्रेड-दो चंद्रप्रकाश राठौर द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के अंतर्गत श्री रामलला दर्शन योजना के क्रियान्वयन में गड़बड़ी की जा रही है। उनके द्वारा अपने लोगों को यात्रा कराई जा रही है, जिसके एवज में तीर्थ यात्रियों से पैसे लिए जा रहे हैं। वही इस संबंध में पूछे जाने पर उनके द्वारा गोल-मोल जवाब दिया जाता है और यह भी कहा जाता है कि उसके खिलाफ जहां शिकायत करनी है कर लो, कोई कर्रवाई नहीं होगी। खास बात यह है कि उनके द्वारा पैसे लेकर अपने समाज के ही लोगों को तीर्थ यात्रा में भेजी जा रही है। ऐसे में इस योजना के चालू होने से अब तक की यात्रा में गए समस्त हितग्राहियों के पात्रता की जांच की आवश्यकता है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर मंडल अध्यक्ष ने मामले की जांच करा कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रति छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी को भी प्रेषित की गई है।



