जांजगीर-चांपा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ओ.डी. दीवान मेमोरियल स्कूल, सोंठी में अनोखा दृश्य देखने को मिला। विद्यालय की छात्राओं ने यातायात पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षा का संकल्प दिलाया। इस विशेष कार्यक्रम के लिए यातायात पुलिस की टीम स्वयं स्कूल पहुंची थी। यातायात प्रभारी प्रदीप कुमार शर्मा ने छात्राओं को रक्षाबंधन के सांस्कृतिक महत्व के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया, साथ ही सरकार द्वारा बालिका सुरक्षा के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
छात्राओं द्वारा राखी बांधे जाने के बाद पुलिस अधिकारियों ने सभी छात्राओं को उपहार भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और उनकी सुरक्षा का वचन दिया। इस अवसर पर यातायात विभाग से तिलेश्वर चंद्रा, जी.आर. पैंकरा सहित पूरा स्टाफ मौजूद रहा। विद्यालय की ओर से चेयरमैन महेंद्र धर दीवान, डायरेक्टर तन्मय धर दीवान और प्राचार्या रजनी दुबे ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल में राखी मेकिंग, गिफ्ट रैपिंग, थाली सजावट और पॉप-अप कार्ड मेकिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस पहल से छात्रों में पुलिस विभाग के प्रति सम्मानऔर आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा।