छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
घट स्थापना के साथ मां शिरीष पाठ मंदिर में प्रज्ज्वलित हुई मनोकामना ज्योति, 250 से अधिक भक्तों ने जलाए दीप

जांजगीर-चांपा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ अंचल स्थित प्रसिद्ध देवी मंदिर मां शिरीष पाठ डोंगाकोहरौद में विधि-विधान के साथ घट स्थापना कर दीप प्रज्ज्वलित किया गया। नवरात्र के प्रथम दिन से ही मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। मां दुर्गा की आराधना, पूजा-अर्चना और मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलन के साथ नौ दिनों तक चलने वाले धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ।
मां शिरीष पाठ मंदिर क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक है। यहां नवरात्र के दौरान दूर-दराज के गांवों से श्रद्धालु माता के दर्शन करने और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। घट स्थापना के साथ मंदिर में माता की विशेष आराधना शुरू हो गई है। श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा और विश्वास के साथ मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की उन्नति की कामना की।
250 से अधिक मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित
इस वर्ष शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां शिरीष पाठ मंदिर में 250 से अधिक भक्तों ने मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित कराई है। मंदिर में प्रज्ज्वलित ज्योतियां श्रद्धालुओं की आस्था और माता के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक बन रही हैं। पूरे नौ दिनों तक मंदिर में भक्तों का आना-जाना लगा रहेगा। नवरात्र के दौरान श्रद्धालु माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे और परिवार की सुख-शांति, आरोग्य एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना करेंगे।
समिति के सदस्यों और ग्रामीणों की रही उपस्थिति
घट स्थापना एवं दीप प्रज्ज्वलन के अवसर पर गांव के विशिष्ट नागरिक संतोष कौशिक और घनश्याम साहू सहित नवजागरण शिरीष कल्याण सेवा समिति के देवकुमार पाण्डेय, बरसन कश्यप, सुमन कश्यप, धनेंद्र कौशिक, जोहन पटवा, श्याम कश्यप, छोटेलाल साहू, माखन कश्यप, हरीलाल धीवर, रामकृष्ण कश्यप, गीतेश सारथी, ज्योति सेवक नरहरी पटेल, रामलाल कौशिक, लव पटेल, उपेंद्र कश्यप, इंद्र कुमार कश्यप, संजू साहू, जुगनू पटेल, दुष्यंत कौशिक, भुनेश्वर कश्यप और छोटे कुमार कश्यप सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नवरात्र के नौ दिनों तक मां शिरीष पाठ के दरबार में धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल बना रहेगा। श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि मां दुर्गा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आएगी। मंदिर में मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलन के साथ क्षेत्र में शारदीय नवरात्र की धार्मिक गतिविधियां प्रारंभ हो गई हैं।



