छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
नाबालिग बच्चों को चोरी के आरोप में थाने ले जाने का मामला गरमाया, शिक्षा विभाग के नोटिस का 12 दिन तक जवाब नहीं देने पर स्कूल प्रबंधन को पुनः नोटिस

जांजगीर-नवागढ़। वंदे मातरम् उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नवागढ़ के दो शिक्षकों द्वारा 8 एवं 10 वर्ष के नाबालिग बच्चों को चोरी के आरोप में थाने ले जाकर कथित रूप से डराने-धमकाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में शिक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई शुरू किए जाने के बावजूद विद्यालय प्रबंधन द्वारा निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभाग ने पुनः नोटिस जारी किया है।
मामले को लेकर भीम रेजिमेंट छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र रत्नाकर ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा बच्चों के साथ कथित रूप से किए गए व्यवहार के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के आधार पर 27 अगस्त 2026 को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बावजूद विद्यालय प्रबंधन द्वारा कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। लगभग 12 दिनों तक विभागीय नोटिस का जवाब नहीं दिए जाने के बाद अब 8 सितंबर 2026 को बीईओ कार्यालय द्वारा विद्यालय प्रबंधन को पुनः स्मरण पत्र/नोटिस जारी कर दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
“बच्चे अपराधी नहीं, उनका संरक्षण हमारी जिम्मेदारी”
भीम रेजिमेंट छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र रत्नाकर ने कहा कि यदि नाबालिग बच्चों को चोरी के आरोप में थाने ले जाकर भयभीत या धमकाया गया है, तो यह बेहद गंभीर विषय है। बच्चों के साथ किसी भी परिस्थिति में ऐसा व्यवहार स्वीकार्य नहीं किया जा सकता। किसी बच्चे पर आरोप होने की स्थिति में भी कानून एवं बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों का पालन किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के शासकीय नोटिस का निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत नहीं करना भी गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का विषय है। पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर वास्तविकता सामने लाई जानी चाहिए। जांच में यदि विद्यालय प्रबंधन अथवा संबंधित शिक्षकों की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
बीईओ ने कहा—जवाब नहीं मिलने पर उच्च कार्यालय को भेजेंगे रिपोर्ट
बीईओ अशोक पाटले, नवागढ़ ने बताया कि शिकायत के आधार पर वंदे मातरम् उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया था। विद्यालय प्रबंधन द्वारा करीब 12 दिनों तक कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद 8 सितंबर को पुनः स्मरण पत्र जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद मामले से उच्च कार्यालय को अवगत कराया जाएगा तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भीम रेजिमेंट की दो टूक चेतावनी
भीम रेजिमेंट छत्तीसगढ़ ने स्पष्ट किया है कि नाबालिग बच्चों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने कहा कि बच्चों के साथ अन्याय या उनके अधिकारों के उल्लंघन का कोई भी मामला सामने आने पर संगठन हर स्तर पर आवाज उठाएगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग जारी रखेगा।



