छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
शुष्क दिवस पर अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर में 4 लोहे के दरवाजों के पीछे छिपाकर रखी 104 लीटर अवैध शराब जब्त
किराना दुकान की आड़ में शराब बिक्री का आरोप, 334 नग शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार; ₹95,175 का सामान जब्त

जांजगीर-चांपा। 02 अक्टूबर शुष्क दिवस के अवसर पर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अकलतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर में बने एक कमरे में चार लोहे के दरवाजों के पीछे छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की कुल 334 नग शराब, करीब 104 लीटर, बरामद की है। जब्त शराब की कीमत ₹56,560 बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने बिक्री की रकम ₹28,615 और करीब ₹10 हजार कीमत का वोल्टास कंपनी का फ्रिज भी जब्त किया है। कार्रवाई में कुल ₹95,175 का सामान जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय (भापुसे) के निर्देशन में शुष्क दिवस के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना अकलतरा पुलिस को 2 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 13 निवासी प्रकाश भारद्वाज (42 वर्ष), पिता स्व. भारत भारद्वाज अपने घर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखे हुए है।
चार लोहे के दरवाजों के पीछे बनाया था शराब रखने का कमरा
मुखबिर से मिली सूचना के अनुसार आरोपी द्वारा शुष्क दिवस के दौरान शराब बेचने की तैयारी की गई थी। पुलिस को यह भी सूचना मिली कि आरोपी कथित तौर पर किराना दुकान की आड़ में शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अकलतरा पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी के मकान में रेड कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान पुलिस को घर के अंदर चार लोहे के दरवाजों के पीछे एक कमरा मिला। पुलिस ने कमरे को खुलवाने का प्रयास किया और कार्रवाई के दौरान उसे ध्वस्त कर अंदर रखी शराब बरामद की। तलाशी में अलग-अलग ब्रांड की देशी शराब, अंग्रेजी व्हिस्की और बीयर का बड़ा स्टॉक मिला।
334 नग शराब और 104 लीटर माल बरामद
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक जब्ती में 180 एमएल देशी प्लेन यूनिक ब्रांड की 235 नग, देशी प्लेन सुपर 36 ब्रांड की 46 नग, गोवा स्पेशल व्हिस्की की 206 नग, रॉयल चैलेंज व्हिस्की की 31 नग तथा सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर की 16 नग शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी को मिलाकर कुल 334 नग और 104 लीटर अवैध शराब बरामद करना बताया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹56,560 है।
इसके अलावा मौके से शराब बिक्री की रकम ₹28,615 नकद तथा वोल्टास कंपनी का फ्रिज, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10,000 है, भी जब्त किया गया। इस तरह पुलिस ने कार्रवाई में कुल ₹95,175 का जुमला सामान जब्त किया।
आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
अकलतरा पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 593/26 दर्ज करते हुए आरोपी प्रकाश भारद्वाज के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) एवं 39(ग) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद 2 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब का संग्रहण और बिक्री करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने स्पष्ट किया है कि शुष्क दिवस का उल्लंघन कर अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू, उप निरीक्षक कमलदास बनर्जी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे, प्रधान आरक्षक शरीफुद्दीन खान, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर, शेषनारायण साहू, महेन्द्र राज, बसंत साहू, महिला आरक्षक रश्मि भदोरिया एवं कृष्णा पटेल का सराहनीय योगदान रहा।



