Reg No. CG-06-0026209
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

नहर पार पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई, जेसीबी से मकान किया गया ध्वस्त

जांजगीर-बिर्रा। ग्राम चारपारा में नहर पार की जमीन पर किए गए कथित अवैध बेजा कब्जे के खिलाफ जल संसाधन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। संबंधित व्यक्ति द्वारा छुट्टी के दिन अतिरिक्त मजदूर और मिस्त्री लगाकर नहर पार में मकान का निर्माण कराया जा रहा था। विभागीय अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य बंद करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद काम जारी रहने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार, 28 सितंबर को जेसीबी की मदद से निर्माणाधीन मकान को ध्वस्त कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चारपारा में चौक के पास नहर पार की भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर बेजा कब्जा कर मकान का निर्माण कराया जा रहा था। बताया गया कि छुट्टी के दिन अतिरिक्त मजदूर और मिस्त्रियों को लगाकर तेजी से निर्माण कार्य कराया गया, ताकि कम समय में मकान तैयार किया जा सके। इसकी जानकारी मिलने पर जल संसाधन विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति को निर्माण कार्य तत्काल बंद करने के निर्देश दिए थे।
जल संसाधन सिंचाई विभाग उप संभाग बिर्रा के अनुविभागीय अधिकारी श्रीराम देवांगन ने बताया कि विभाग की ओर से संबंधित को निर्माण रोकने के लिए कहा गया था। तहसीलदार स्तर से भी निर्माण कार्य बंद करने के निर्देश दिए गए। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया और नहर पार की भूमि पर मकान तैयार कर लिया गया। अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी किए जाने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई।
 
नोटिस के बाद की गई कार्रवाई
विभागीय एवं राजस्व अधिकारियों द्वारा संबंधित को नोटिस दिए जाने के बाद 28 सितंबर को संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान राजस्व विभाग, जल संसाधन विभाग और पुलिस की मौजूदगी में नहर पार पर बनाए गए अवैध निर्माण को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सिंचाई विभाग की भूमि एवं नहर क्षेत्र में बिना अनुमति किए गए निर्माण से नहर के रखरखाव, जल प्रवाह तथा विभागीय कार्यों में बाधा उत्पन्न होने की आशंका रहती है। ऐसे मामलों में विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व, सिंचाई विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में नायब तहसीलदार बम्हनीडीह संजय बरेठ, जल संसाधन विभाग उप संभाग बिर्रा के अनुविभागीय अधिकारी श्रीराम देवांगन, उप अभियंता लोचन साहू एवं सोना लाल डहरिया सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। वहीं पुलिस थाना से सहायक उप निरीक्षक सियाराम यादव के नेतृत्व में पुलिस जवान मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान पटवारी, ग्राम कोटवार और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित थे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से नहर क्षेत्र में किए जा रहे अवैध निर्माण को लेकर स्पष्ट संदेश गया है कि शासकीय एवं सिंचाई विभाग की भूमि पर बिना अनुमति किए गए निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक एवं विभागीय भूमि की सुरक्षा के लिए आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

See also  पांचवी बार भी मिलेगा जनता का आशीर्वाद : कमलेश जांगड़े...

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!