रावण दहन के दौरान भड़की आग, हनुमान का किरदार निभा रहा युवक समेत 3 झुलसे, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दशहरा उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नगरी क्षेत्र के छिपली गांव में रामलीला मंचन के दौरान अचानक आग भड़क उठी। इस हादसे में हनुमान का किरदार निभा रहे युवक समेत तीन लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फ्लेमेबल स्प्रे से अचानक भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, छिपली गांव में दशहरा के अवसर पर रामलीला का आयोजन किया गया था। इसी दौरान रावण दहन के समय कुछ लोग फ्लेमेबल स्प्रे की मदद से आग का प्रदर्शन कर रहे थे। तभी स्प्रे से निकली आग अचानक भड़क गई और इसकी चपेट में हनुमान का किरदार निभा रहे हेमंत ध्रुव समेत अन्य लोग आ गए।
हनुमान का किरदार निभा रहा युवक गंभीर रूप से झुलसा
हादसे में कुल तीन लोगों के झुलसने की जानकारी सामने आई है। इनमें हेमंत ध्रुव की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।
हादसे का वीडियो वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आग की लपटें अचानक भड़कती दिखाई देती हैं। आग की चपेट में आए लोग खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं, जबकि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच जाती है। दशहरा उत्सव के दौरान हुए इस हादसे ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, घटना के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।



