अग्निवीर (थलसेना) में चयनित युवाओं का किया गया सम्मान

जांजगीर-चांपा। भारतीय थलसेना द्वारा अग्निवीर में भर्ती हेतु मई-जून 2025 में ऑनलाईन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) का आयोजन किया गया था। सीईई उत्तीर्ण युवाओं का शारीरिक दक्षता परीक्षण 10 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 तक बाबू पंडरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम आमातलाब धमतरी में आयोजित की गई थी। उक्त परीक्षा में इस जिले से लगभग 175 युवा सफल हुए है एवं अग्निवीर थलसेना में अंतिम रूप से चयनित हुए है। जिला प्रशासन जांजगीर चांपा द्वारा चयनित युवाओं का दिनांक 19 जून 2026 को सायं 5.00 बजे आकंाक्षा आवासीय विद्यालय, जांजगीर में कलेक्टर महोदय की उपस्थिति में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कलेक्टर महोदय द्वारा सम्मान समारोह में उपस्थित युवाओं के लिए उज्जवल भविष्य की कामना की गई। कलेक्टर महोदय द्वारा युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि जिस काम के लिए उनका चयन हुआ है उस कार्य को पूरी निष्ठा के साथ करें तथा काम के साथ-साथ अपने पढ़ाई को भी जारी रखे। चयनित युवा अपने गांव के युवाओं के लिए रोल मॉडल बने ताकि बच्चे उनका अनुसरण कर देश सेवा में जाने के लिए प्रेरित हो। सम्मान समारोह में सुब्रत प्रधान, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) एवं नोडल अधिकारी आकांक्षा कार्यक्रम, भूतपूर्व सैनिक कल्याण संघ के अध्यक्ष असीमधर दीवान, राजेन्द्र पाण्डेय, विनोद सिंह, सुभान अली भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे।



