संगीता सिन्हा बनीं छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रभारी अध्यक्ष, महिला कांग्रेस में नई जिम्मेदारी: संगीता सिन्हा को मिला प्रभार

रायपुर : छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष पद पर संजारी बालोद से विधायक संगीता सिन्हा की नियुक्ति की गई है। ऑल इंडिया महिला कांग्रेस ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया है। स्थायी प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक वे इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगी।
इस पद को लेकर पहले संगीता सिन्हा और छन्नी साहू के नाम के बीच स्थिति स्पष्ट नहीं थी। दोनों ही नेताओं की दावेदारी मजबूत मानी जा रही थी, जिससे फैसला लंबित था।
जनवरी में दिल्ली में चयन प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू आयोजित किए गए थे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मौजूदगी में पांच वरिष्ठ महिला नेताओं—अनिला भेड़िया, संगीता सिन्हा, छन्नी साहू, ममता चंद्राकर और तुलिका कर्मा—ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की थी।
स्थायी प्रदेश अध्यक्ष के लिए मुकाबला मुख्य रूप से दो नामों के बीच माना जा रहा था। संगठन का एक वर्ग छन्नी साहू के समर्थन में था, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थकों के बीच संगीता सिन्हा का पक्ष मजबूत बताया जा रहा था। फिलहाल प्रभारी अध्यक्ष के रूप में संगीता सिन्हा के नाम पर सहमति बन गई है।




