बलौदाबाजार में भीषण सड़क हादसा, कैप्सूल वाहन की टक्कर से शराब दुकान के दो कर्मचारियों की मौत

बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक संडी स्थित शराब दुकान में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। हादसे के बाद पलारी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश सोनवानी (34) निवासी खोरसीनाला, लवन रोड और गोपी किशन आडिल (25) निवासी ग्राम सोनपुरी के रूप में हुई है। दोनों सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और ड्यूटी के बाद बाइक से लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया के पास उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही कैप्सूल वाहन और उसके चालक की जानकारी जुटाई जा रही है।


