Chhattisgarh News: बिजली बिल बकायेदारों के लिए राहत, पुराने बकाया पर 75 फीसदी तक छूट का मौक, 30 जून तक करें रजिस्ट्रेशन

अगर आपके बिजली बिल का बकाया लंबे समय से जमा नहीं हो पाया है, तो अब उसे कम राशि में चुकाने का अवसर है। राज्य सरकार की समाधान योजना के तहत पुराने बिजली बिलों पर 75% तक की छूट दी जा रही है। इस योजना का लाभ लेने के लिए 30 जून तक पंजीयन कराना जरूरी है।
योजना के तहत प्रदेश के करीब 15 लाख बकायेदार उपभोक्ताओं को लाभ मिलना है। अब तक 8 लाख से अधिक उपभोक्ता रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग अभी भी इसका लाभ लेने से वंचित हैं।
मोर बिजली ऐप पर करना होगा रजिस्ट्रेशन
छूट का लाभ पाने के लिए उपभोक्ताओं को पहले मोर बिजली ऐप पर पंजीयन करना होगा। बिजली कंपनी ने लोगों से अपील की है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते रजिस्ट्रेशन कर योजना का फायदा उठाएं।
किन उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ?
बिजली वितरण कंपनी के अनुसार, 5 मार्च 2026 से शुरू हुई इस योजना के तहत बीपीएल, अशासकीय निम्न दाब घरेलू और कृषि श्रेणी के उन उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है, जिनके 31 मार्च 2023 तक के बिजली बिल बकाया हैं। योजना में मूल बकाया और सरचार्ज पर निर्धारित नियमों के अनुसार छूट दी जा रही है।



