CG Constable Suicide: पुलिस महकमे में हड़कंप! आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस विभाग में पदस्थ एक आरक्षक का शव जशपुर जिले के पत्थलगांव में पेड़ से लटका मिला है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय नरहरि पटेल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पत्थलगांव पुलिस ने इसकी सूचना कोरबा पुलिस को दी, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, नरहरि पटेल कोरबा एसपी कार्यालय की स्टेनो शाखा में पदस्थ थे। उनका शव सफेद रंग की चुन्नी के फंदे से पेड़ पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
2013 में पुलिस विभाग में हुए थे भर्ती
नरहरि पटेल वर्ष 2013 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। बताया जा रहा है कि वह सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में पदस्थ थे और 27 सितंबर 2023 से वहां तैनात थे। वह कोरबा के मानिकपुर स्थित दादर बस्ती में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी है।
पत्थलगांव कैसे पहुंचे, जांच जारी
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नरहरि पटेल कोरबा से पत्थलगांव कब और किस वजह से पहुंचे थे। उनके इस कदम के पीछे क्या कारण रहा, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
पत्थलगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के पहुंचने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



