Reg No. CG-06-0026209
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

150 किलोमीटर तक पीछा कर अकलतरा पुलिस ने पकड़ा फरार दुर्घटनाकारित ट्रक

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद फरार हुए दुर्घटनाकारित वाहन को अकलतरा पुलिस ने करीब 150 किलोमीटर तक पीछा कर बिलासपुर के सकरी स्थित खालसा ढाबा के पास पकड़ लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार पीछा करने के चलते दुर्घटनाकारित वाहन पुलिस के कब्जे में आ गया।
 
राइस मिल के सामने हुआ दर्दनाक हादसा
घटना 7 अगस्त 2026 की है। अकलतरा थाना क्षेत्र के तरौद चौक स्थित सत्य राइस मिल के सामने फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर राइस मिल श्रमिक सूरज कुमार यादव (26 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BV 6985 से मनीष मरावी (25 वर्ष), निवासी किरारी, थाना अकलतरा को लेकर राइस मिल से अपने घर ग्राम किरारी जा रहा था।
इसी दौरान सड़क किनारे दोनों की मुलाकात दुर्गेश केंवट (21 वर्ष) से हुई। तीनों युवक सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी जांजगीर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अशोक लीलैंड के छह चक्का वाहन क्रमांक JH 01 GA 1987 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए तीनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
 
टक्कर के बाद वाहन समेत फरार हो गया चालक
हादसा इतना जबरदस्त था कि मनीष मरावी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूरज कुमार यादव और दुर्गेश केंवट के सिर में गंभीर चोटें आईं और दोनों अचेत हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक ने वाहन रोकने या घायलों की मदद करने के बजाय वाहन को तेज गति से बिलासपुर की ओर दौड़ा दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
 
पुलिस ने शुरू किया फरार वाहन का पीछा
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने तत्काल दुर्घटनाकारित वाहन की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने फरार वाहन का पीछा शुरू किया।
पुलिस टीम ने लगातार करीब 150 किलोमीटर तक वाहन का पीछा किया और बिलासपुर के सकरी क्षेत्र में स्थित खालसा ढाबा के पास दुर्घटनाकारित वाहन क्रमांक JH 01 GA 1987 को पकड़ लिया।
 
त्वरित कार्रवाई से पुलिस के कब्जे में आया वाहन
अकलतरा पुलिस की तत्परता और लगातार पीछा करने की कार्रवाई के चलते हादसे के बाद फरार हुआ वाहन आखिरकार पुलिस के कब्जे में आ गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद फरार वाहन को पकड़ने में पुलिस की सक्रियता और डायल-112 टीम की त्वरित प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण रही।
इस कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू सहित थाना अकलतरा पुलिस स्टाफ एवं डायल-112 टीम का सराहनीय योगदान रहा।

See also  उपसंचालक पंचायत जैसे महत्वपूर्ण पद सहायक परियोजना अधिकारी के भरोसे, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठा सवाल

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!