रायपुर में पानी के लिए हाहाकार! सड़क पर उतरे लोग, निगम दफ्तर का घेराव

रायपुर : राजधानी रायपुर में बढ़ते जल संकट को लेकर लोगों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। गुढियारी, अशोक नगर, बजरंग चौक और आसपास के इलाकों में लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने कांग्रेस नेताओं के साथ नगर निगम के जोन-8 कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इलाके में हालात बेहद खराब हो चुके हैं। कई बोरिंग सूख गई हैं और टैंकरों से भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों को पीने के पानी के लिए करीब एक किलोमीटर दूर तक जाना पड़ रहा है। इससे रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सुबोध हरितवाल ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन सिर्फ कागजों में व्यवस्था सुधारने का दावा कर रहा है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नागरिकों से पानी टैक्स लिया जा रहा है, तो नियमित जल आपूर्ति क्यों नहीं हो रही।
वहीं नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि पानी की कमी के कारण लोगों की दिनचर्या और रोजगार दोनों प्रभावित हो रहे हैं। कई परिवारों को पूरे दिन पानी के इंतजार में घर पर रहना पड़ता है, जिससे वे काम पर नहीं जा पा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले एक महीने से इलाके में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। टैंकर या तो समय पर नहीं आते या फिर पानी की मात्रा जरूरत से बहुत कम होती है। इससे घरेलू कामकाज से लेकर बच्चों और बुजुर्गों तक सभी परेशान हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



