Raipur IPL Match Ticket : रायपुर में IPL मैचों के टिकट बिक्री शुरू, 10 और 13 मई को होंगे मुकाबले

रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैचों के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू हो गई है। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह बड़ी खुशखबरी मानी जा रही है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, टिकट केवल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से ही उपलब्ध हैं। दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे अनौपचारिक प्लेटफॉर्म या एजेंटों से टिकट खरीदने से बचें।
रायपुर में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। दोनों मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
टिकटों की कीमत ₹2000 से शुरू होकर ₹8000 तक निर्धारित की गई है, जिसमें विभिन्न श्रेणियों के अनुसार दरें तय की गई हैं।
ई-टिकट में प्रवेश द्वार, स्टैंड, पंक्ति और सीट नंबर सहित सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध रहेगी। दर्शक स्टेडियम मैप की मदद से पार्किंग, गेट, रैंप और अन्य सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
जानकारी के मुताबिक, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और कुछ दिनों तक यहां ठहरेगी। वहीं मुंबई इंडियंस टीम के भी मैच से पहले रायपुर पहुंचने की संभावना है।
इस बार प्लैटिनम सीटों के सामने लगे कांच के पैनल हटा दिए गए हैं, जिससे दर्शकों को मैच देखने का बेहतर अनुभव मिलेगा।



