बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में बंपर वोटिंग! EVM गड़बड़ी और हिंसा से बढ़ा तनाव… 9 बजे तक करीब 18.39% मतदान

न्यूज डेस्क : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक करीब 18.39 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। कई जिलों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हालांकि मतदान के बीच कई जगहों पर हिंसा, EVM खराबी और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
हावड़ा में EVM खराबी के बाद बवाल
हावड़ा के बाली विधानसभा क्षेत्र स्थित डॉन बॉस्को लिलुआ सोहन लाल विद्यालय मतदान केंद्र पर EVM मशीन खराब होने से वोटिंग प्रभावित हुई। मशीन में तकनीकी खराबी के चलते मतदाता नाराज हो गए और हंगामा शुरू हो गया। बूथ नंबर 152, 153 और 154 पर भी गड़बड़ी की शिकायतें सामने आईं।
स्थिति बिगड़ने पर केंद्रीय सुरक्षा बलों और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालात नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज भी किया गया। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रशासन का कहना है कि मतदान प्रक्रिया अब सामान्य रूप से जारी है।
https://x.com/ANI/status/2049331612244975976?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2049331612244975976%7Ctwgr%5E96d394ff1cc1e14ab5e536adf37bf40b76300ef1%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fnishaanebaz.com%2Fwest-bengal-election-phase-2-evm-violence-voting-update%2F
कई जिलों में देर से शुरू हुई वोटिंग
तारकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 123 पर EVM मशीन बार-बार खराब होने के कारण मतदान काफी देर से शुरू हो सका। सुबह 6 बजे से लाइन में खड़े मतदाताओं में नाराजगी देखी गई। तकनीकी टीम के हस्तक्षेप के बाद मतदान शुरू कराया गया।
पूर्वी बर्धमान के भाटा विधानसभा क्षेत्र के बूथ 173 और 175 पर भी EVM में खराबी की शिकायत मिली, जिससे वोटिंग प्रभावित रही।
बीजेपी उम्मीदवार और अधिकारियों में तीखी बहस
कोलकाता की एंटली सीट से बीजेपी उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल की एक पोलिंग बूथ पर चुनाव अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों से बहस हो गई। बताया गया कि बूथ छोटा होने के कारण उनके पोलिंग एजेंट को बाहर भेजा गया था, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई। बाद में TMC एजेंट भी बहस में शामिल हो गए।
ममता बनर्जी ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर चुनाव को “जबरन जीतने” की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में उनके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की जा रही है और लोकतांत्रिक माहौल को प्रभावित किया जा रहा है।
वहीं TMC नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बंगाल में जितनी फोर्स तैनात की गई है, “बस राफेल उतारना बाकी रह गया है।” उन्होंने दावा किया कि TMC इस बार 2021 से भी ज्यादा सीटें जीतेगी।
41 हजार से ज्यादा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी
दूसरे चरण के चुनाव के लिए राज्यभर में 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस की भारी तैनाती की गई है। इस चरण में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई बड़े नेताओं की राजनीतिक किस्मत दांव पर लगी हुई है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।



