सहायक शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव, हाईकोर्ट के आदेश पर दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी मिलेगा आवेदन का मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती-2026 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भर्ती विज्ञापन में संशोधन किया गया है। अब दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी सहायक शिक्षक के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर मिलेगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में शुद्धि पत्र जारी किया है।
हाईकोर्ट के फैसले के बाद बदले भर्ती के नियम
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, शासकीय स्कूलों में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 24 जुलाई 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया था। इस विज्ञापन को लेकर उच्च न्यायालय में याचिका क्रमांक WPS No. 6783 of 2026 दायर की गई थी। मीनाक्षी मंगलकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य मामले में 9 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय के पालन में भर्ती विज्ञापन में संशोधन किया गया है।
संशोधित प्रावधानों के तहत दृष्टिबाधित (Blind), श्रवणबाधित (Deaf) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) श्रेणी के अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर दिया जाएगा।
दिव्यांग अभ्यर्थियों की पात्रता में बदलाव
जारी शुद्धि पत्र में समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के अनुरूप दिव्यांगता की उपयुक्त श्रेणियों में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही भर्ती विज्ञापन की कंडिका 05 के उपखंड (iv) को हटा दिया गया है।
दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित पदों का समूहवार और श्रेणीवार विवरण भी स्पष्ट किया गया है। इसमें दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थिबाधित और बहुदिव्यांगता श्रेणियों के लिए आरक्षण संबंधी प्रावधान शामिल हैं।
कुल 2292 पदों पर होनी है भर्ती
सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के तहत कुल 2292 पदों पर भर्ती की जानी है। इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में नियुक्तियां की जानी हैं।
ई-संवर्ग में रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ और बिलासपुर जिले शामिल हैं। वहीं, टी-संवर्ग में बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद और बालोद जिले शामिल हैं।
आवेदन की तारीख अलग से होगी जारी
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से घोषित की जाएगी। अभ्यर्थियों को नई तारीख से संबंधित आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा। भर्ती विज्ञापन की बाकी शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी। ऐसे में आवेदन करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को संशोधित विज्ञापन और आगामी आधिकारिक निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी जाती है।



