छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल में साइबर सिक्योरिटी एवं अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित, विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय

जांजगीर-चांपा। ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल बनारी, जांजगीर में कार्यालय जिला पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय (एस.पी.जांजगीर-चाम्पा) के निर्देशन में एवं संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल, संस्था प्राचार्या सोनाली सिंह, जिला साइबर सेल प्रभारी भास्कर शर्मा एवं स्कूल साइबर नोडल ऑफिसर नीलम सिंह की उपस्थिति में दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को, विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के उद्देश्य से साइबर सिक्योरिटी एवं अवेयरनेस प्रोग्राम का आयोजन किया गया।
कार्यालय पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय (एस.पी.जांजगीर-चाम्पा) द्वारा जांजगीर जिले के विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता प्रदान करने के लिये यह साइबर सिक्योरिटी एवं अवेयरनेस प्रोग्राम समस्त स्कूलों में चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर क्राइम से हो रहे धोखाधड़ी से बचाना है।
इस कार्यक्रम में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के समस्त विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में जांजगीर जिला साइबर सेल के टीआई श्री भास्कर शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
कार्यक्रम के दौरान टीआई श्री भास्कर शर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में इंटरनेट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल भुगतान का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहना प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फिशिंग, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, ओटीपी धोखाधड़ी तथा व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से समझाया।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक संबंधी विवरण, पासवर्ड, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध कॉल, संदेशों और लिंक से सावधान रहें तथा किसी भी आकर्षक ऑनलाइन ऑफर या इनाम के लालच में आकर अपनी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें। उन्होंने सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करने, मजबूत पासवर्ड रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने तथा अपने ऑनलाइन खातों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
श्री शर्मा ने विद्यार्थियों को समझाया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल अपने बैंक को सूचित करें और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता, समझदारी और डिजिटल साक्षरता को सबसे प्रभावी उपाय बताया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका श्री भास्कर शर्मा ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर साइबर सेल के प्रधान आरक्षक रोहित कहरा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी उप-प्राचार्या एवं स्कूल साइबर नोडल ऑफिसर नीलम सिंह द्वारा किया गया।
विद्यालय के संचालक आलोक अग्रवाल ने अपने संदेश में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा स्वयं जागरूक बनकर अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा की जानकारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को तकनीक का सकारात्मक एवं सुरक्षित उपयोग करना चाहिए तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना, उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपायों से परिचित कराना तथा जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी, जांजगीर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। इससे विद्यार्थियों को साइबर अपराधों की पहचान करने, उनसे बचने और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की आदतें अपनाने की महत्वपूर्ण सीख मिली।



