Reg No. CG-06-0026209
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

खोखरा में मां मनकादाई के दरबार में उमड़ी श्रद्धा, 4400 ज्योति कलशों से जगमगाया मंदिर परिसर

कलश यात्रा के साथ क्वांर नवरात्रि का शुभारंभ, माँ ब्रह्मचारिणी की हुई पूजा-अर्चना,नौ दिनों तक लगेगा मेला, श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजनालय की व्यवस्था

जांजगीर-चांपा। क्वांर नवरात्रि का शुभारंभ होते ही जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ग्राम खोखरा स्थित मां मनकादाई मंदिर में भक्तिमय माहौल बन गया है। नवरात्रि के पहले दिन मंदिर में विधि-विधान से घटस्थापना कर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। दूसरे दिन माँ ब्रह्मचारिणी की पूजा की गई , माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। मंदिर परिसर में नौ दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां घृत और ज्वारा के साथ लगभग 4400 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराए जा रहे हैं, जिनकी रोशनी से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा है।
 कलश यात्रा निकालकर की गई नवरात्रि की शुरुआत
 नवरात्रि के प्रथम दिन शुभ मुहूर्त में मिट्टी के पात्र में जौ बोकर और जल से भरा कलश स्थापित कर घटस्थापना की गई। इससे पहले भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई और मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री का विधिवत पूजन किया गया। इस अवसर पर गांव की कन्याओं और महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली और पूरे गांव का भ्रमण किया। इसके बाद मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ नवरात्रि पर्व का शुभारंभ किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और माता से सुख-समृद्धि की कामना की।
4400 ज्योति कलशों से रोशन हुआ आस्था का धाम
 ग्राम खोखरा स्थित मां मनकादाई मंदिर में नवरात्रि के दौरान मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराने की विशेष परंपरा है। इस वर्ष श्रद्धालुओं द्वारा लगभग 4400 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराए जा रहे हैं। घृत और ज्वारा के साथ प्रज्ज्वलित ज्योतियां मंदिर परिसर की धार्मिक छटा को और बढ़ा रही हैं। दूर-दराज से पहुंचने वाले श्रद्धालु माता के दर्शन कर ज्योति कलशों के समक्ष शीश झुकाते हैं और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना करते हैं।
 
 मन की मुराद पूरी करने वाली माता के रूप में है ख्याति
मां मनकादाई को क्षेत्र में मन की सुनने वाली माता के रूप में पूजा जाता है। श्रद्धालुओं के बीच मान्यता है कि सच्चे मन से माता की आराधना करने पर उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी अटूट आस्था के चलते न केवल जांजगीर-चांपा जिले, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। चैत्र और क्वांर नवरात्रि के अलावा मंदिर में दोनों गुप्त नवरात्रियों के दौरान भी ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराए जाते हैं।
नौ दिनों तक चलेगा मेला, निःशुल्क भोजनालय की व्यवस्था
 क्वांर नवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर में नौ दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। यहां दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मां मनकादाई पब्लिक ट्रस्ट की ओर से निःशुल्क भोजनालय की व्यवस्था की गई है। नवरात्रि के नौ दिनों तक मंदिर में पूजा-अर्चना, ज्योति कलशों के दर्शन और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा। आस्था, परंपरा और भक्ति से सराबोर मां मनकादाई का दरबार इन दिनों श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

See also  दैहिक शोषण करने वाला आरोपी को जांजगीर पुलिस ने किया गिरफ्तार...

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!