निरीक्षण के दौरान कलेक्टर महोबे ने निर्माणाधीन सड़क की चौड़ाई और मोटाई की मौके पर ही माप कराई। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मापदंडों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने सड़क के साथ ड्रेनेज व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने की समस्या न हो और आवागमन सुचारू बना रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और तय समय-सीमा में कार्य पूरा कराने को कहा।
सड़क निरीक्षण के बाद कलेक्टर महोबे ने कुकदा-रिंगनी के बीच निर्माणाधीन पुल का जायजा लिया। उन्होंने पुल निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क और पुल निर्माण कार्यों की सतत निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराएं, ताकि आम नागरिकों को बेहतर एवं टिकाऊ आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके।