Reg No. CG-06-0026209
IMG-20250604-WA0015-1
IMG-20250604-WA0014-1
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.56.31 (1)
WhatsApp Image 2026-06-25 at 17.55.51 (1)
b5ce874a-8a3f-482a-9d4a-eaf6ab18dc7e
छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर

ई-ऑफिस की फाइलें 12 घंटे में निपटाएं अधिकारी, लंबित रखने पर होगी साप्ताहिक समीक्षा: कलेक्टर जन्मेजय महोबे

डिजिटल क्रॉप सर्वे 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश, पीएम सूर्यघर योजना और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की प्रगति की भी हुई समीक्षा

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले के विभिन्न विभागों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को शासकीय कार्यों में तेजी लाने, लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विशेष रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से प्राप्त फाइलों का 12 घंटे के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी के पास फाइल अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। इसके साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे का शेष कार्य 31 अक्टूबर तक पूरा करने और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित शिवरीनारायण प्रवास की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
ई-ऑफिस की फाइलों के निराकरण में न हो देरी
बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि ई-ऑफिस के माध्यम से प्राप्त होने वाली फाइलों का निराकरण अधिकतम 12 घंटे के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कामकाज में अनावश्यक देरी से आम जनता और विभागीय कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए अधिकारी फाइलों के निराकरण में तत्परता दिखाएं और अपने स्तर पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि फाइलों के निराकरण में लगने वाले समय को कम करना प्रशासन की प्राथमिकता है। ई-ऑफिस के माध्यम से प्राप्त फाइलों की स्थिति और उनके निराकरण की प्रगति की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी और पारदर्शी बन सके।
 
डिजिटल क्रॉप सर्वे 31 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्य को 31 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जियो-रेफरेंसिंग सर्वेयर खेतों में पहुंचकर फसलों से संबंधित जानकारी दर्ज करने का कार्य कर रहे हैं। इस कार्य को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शेष किसानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में दर्ज की जाने वाली जानकारी सही और विश्वसनीय होनी चाहिए। सर्वे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और मैदानी स्तर पर इसकी नियमित निगरानी की जाए। डिजिटल क्रॉप सर्वे के समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से पूरा होने से भविष्य में किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाएं।
अमृत मिशन के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर जोर
कलेक्टर ने अमृत मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन जल आवर्धन परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जल आपूर्ति से जुड़ी परियोजनाएं आम नागरिकों की सुविधाओं के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में निर्माण कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उन्हें पूरा करने के लिए नियमित निगरानी की जाए। अधिकारियों को कार्यों की प्रगति पर ध्यान देने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
 
पीएम सूर्यघर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को योजना के लाभ, सब्सिडी और सोलर संयंत्र स्थापित कराने की प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आवेदन करने से लेकर सोलर संयंत्र की स्थापना तक हितग्राहियों को आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि योजना का लाभ लेने के इच्छुक लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
 
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन बढ़ाने के निर्देश
कलेक्टर ने पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए छात्र-छात्राओं के आवेदन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पाया कि कुछ महाविद्यालयों में आवेदन की प्रगति अपेक्षाकृत कम है। इस पर उन्होंने संबंधित विभाग को ऐसे महाविद्यालयों के साथ बैठक आयोजित कर आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए महाविद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को आवेदन की प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताओं के संबंध में जानकारी दी जाए। संबंधित विभाग नियमित मॉनिटरिंग करते हुए आवेदन की प्रगति पर नजर रखे और कम प्रगति वाले संस्थानों में विशेष प्रयास किए जाएं।
 
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित शिवरीनारायण प्रवास की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित शिवरीनारायण प्रवास की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं में आपसी समन्वय बनाए रखा जाए और प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तैयारियों से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करें, ताकि कार्यक्रम के आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। सभी संबंधित विभाग निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार समय पर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
 
समय-सीमा में कार्य पूरा करना अधिकारियों की जिम्मेदारी
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने और आम जनता से जुड़े मामलों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए गंभीरता से प्रयास करे।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

See also  CG Train Accident: छत्‍तीसगढ़ में ट्रेन हादसा : पेड़ से टकराई रेल, डिरेल हुआ इंजन, पायलट को भी आई चोट, कई गाड़‍ियां रद्द...

Mukesh Tiwari

Editor in Chief- Dabang News Today

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!