खपरी गांव में पति पत्नी की बेरहमी से हत्या, होली का मुखौटा पहनकर पहुंचे थे नकाबपोश

जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी में आधी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे पति-पत्नी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश होली का मुखौटा पहनकर घर में घुसे थे और संभवतः लूटपाट की नीयत से वारदात को अंजाम दिया गया। सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर दंपति की लहूलुहान लाश घर के अंदर पड़ी मिली। वहीं घर में रखी कुर्सी पर होली का मुखौटा भी बरामद हुआ है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी नकाब पहनकर आए थे ताकि उनकी पहचान छिपी रहे। घटना की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण घर के बाहर जमा हो गए। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
गांव में दहशत का माहौल
दंपति की इस निर्मम हत्या के बाद पूरे खपरी गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।



