छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पादेश- विदेशराज्य एवं शहररायपुर
नैला-बलौदा रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज-अंडरब्रिज की मांग, सांसद कमलेश जांगड़े व पूर्व नेता प्रतिपक्ष चंदेल ने जीएम से की मुलाकात
साउथ बिहार, गोंडवाना और हीराकुंड एक्सप्रेस के ठहराव सहित यात्री सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा उठाया, रेलवे जीएम ने समस्याओं के निराकरण का दिया आश्वासन

जांजगीर-चांपा। जिले में रेलवे से जुड़ी लंबे समय से लंबित समस्याओं के निराकरण और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्र की प्रमुख रेल समस्याओं, विभिन्न ट्रेनों के ठहराव, रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम तथा रेलवे स्टेशनों में यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर महाप्रबंधक के साथ उच्चस्तरीय बैठक की और विभिन्न मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
बैठक में जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन से बलौदा की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। इस फाटक पर आए दिन लगने वाले जाम के कारण आम नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों की इस पुरानी मांग को ध्यान में रखते हुए सांसद कमलेश जांगड़े और पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने यहां ओवरब्रिज अथवा अंडरब्रिज का निर्माण कराने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इस समस्या का स्थायी समाधान होने से आवागमन सुगम होगा और लोगों को बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिल सकेगी।
प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग
बैठक में जिला मुख्यालय जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा भी उठाया गया। दोनों नेताओं ने साउथ बिहार एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और हीराकुंड एक्सप्रेस का जांजगीर-नैला स्टेशन पर ठहराव शुरू करने की मांग की। वहीं, चांपा जंक्शन में गीतांजलि एक्सप्रेस का ठहराव दिए जाने के संबंध में भी महाप्रबंधक से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, व्यापार, रोजगार, चिकित्सा और अन्य कार्यों के लिए यात्रा करते हैं। ऐसे में प्रमुख ट्रेनों का ठहराव मिलने से यात्रियों को सुविधा होगी और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
नहरिया बाबा मंदिर और ईस्ट केबिन के पास फुट ओवरब्रिज की मांग
नैला के प्रसिद्ध नहरिया बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वहां फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की गई। इसके अलावा नैला ईस्ट केबिन के पास स्थित दर्रीपारा तथा आसपास के अन्य वार्डों में रहने वाली बड़ी आबादी के आवागमन की समस्या से भी महाप्रबंधक को अवगत कराया गया।
दोनों नेताओं ने बताया कि इन क्षेत्रों के निवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए बेहतर रास्ते की आवश्यकता है। इसके लिए उपयुक्त मार्ग एवं फुट ओवरब्रिज की व्यवस्था किए जाने का सुझाव दिया गया, ताकि रेलवे लाइन के आसपास रहने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
जांजगीर-नैला स्टेशन में आधुनिक यात्री सुविधाओं की मांग
जिला मुख्यालय के जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। सांसद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने स्टेशन में उच्च स्तरीय प्रतीक्षालय, लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। साथ ही प्लेटफॉर्म क्रमांक 1, 2 और 3 पर पर्याप्त शेड लगाने, यात्रियों के बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियों की व्यवस्था करने तथा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का विषय उठाया।
इसके अतिरिक्त स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए एक नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण की आवश्यकता बताई गई। नेताओं ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार होने से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने जांजगीर-नैला स्टेशन से बलौदा की ओर जाने वाली सड़क का नवीनीकरण कराने का सुझाव भी दिया।
अकलतरा से सक्ती तक स्टेशनों की सुविधाओं पर चर्चा
बैठक में केवल जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन ही नहीं, बल्कि जिले और आसपास के अंचल के अन्य रेलवे स्टेशनों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अकलतरा, जांजगीर-नैला, चांपा, बाराद्वार और सक्ती रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए सुविधाओं में वृद्धि करने की मांग रखी गई।
दोनों नेताओं ने कहा कि इन स्टेशनों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। इसलिए स्टेशनों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, यात्रियों की समस्याओं का निराकरण करने और स्टेशन परिसरों को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
नई रेल परियोजनाओं को लेकर भी दिए सुझाव
बैठक के दौरान क्षेत्र में रेल नेटवर्क के विस्तार और नई रेल परियोजनाओं की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। सांसद कमलेश जांगड़े एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने बलौदाबाजार तथा खरौद-शिवरीनारायण से धर्मजयगढ़ तक प्रस्तावित नई रेल परियोजनाओं के संदर्भ में महाप्रबंधक के समक्ष आवश्यक सुझाव रखे।
उन्होंने इन परियोजनाओं को क्षेत्र के विकास, आवागमन की सुविधा और आर्थिक गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए संबंधित प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया।
रेलवे अधिकारियों ने दिया समस्याओं के निराकरण का आश्वासन
करीब आधे घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश सहित उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों नेताओं द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना। बैठक में रेलवे बोर्ड से संबंधित मांगों को शीघ्र आगे भेजने तथा जोनल कार्यालय के अधिकार क्षेत्र में आने वाले यात्री सुविधाओं के कार्यों को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया गया।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि रेलवे की एक विशेष टीम द्वारा जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन सहित जिले एवं आसपास के अंचल के अन्य स्टेशनों का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का आकलन कर उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। रेलवे महाप्रबंधक और डीआरएम ने भी आने वाले समय में संबंधित रेलवे स्टेशनों का दौरा कर निरीक्षण करने का आश्वासन दिया।
इस मुलाकात के माध्यम से क्षेत्र की रेल संबंधी समस्याओं, यात्री सुविधाओं के विस्तार और नई रेल परियोजनाओं को लेकर रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। अब क्षेत्रवासियों को इन मांगों पर आगे होने वाली कार्रवाई और प्रस्तावित सुविधाओं के क्रियान्वयन का इंतजार है।



